कारोबार
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर रूबरू कार्यक्रम का भव्य आयोजन
कांकेर, 6 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में कैरियर ड्रोम एवं हेक्सा माइंड के संयुक्त तत्वावधान में रूबरू नामक एक ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। स्कूल के प्राचार्य श्री रितेश चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों से संवाद का अवसर प्रदान कर उन्हें इस क्षेत्र के महत्व और करियर विकल्पों के प्रति प्रेरित करना था।
श्री चौबे ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. अनामिका जायसवाल, डॉ. अरविंद मिश्रा, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. विकास साहू और डॉ. रिजु देसाई प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने क्रमश: अपने अनुभव साझा किए और चिकित्सा पेशे की चुनौतियों, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय नैतिकता तथा रोगियों के प्रति सहानुभूति जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सफल चिकित्सक बनने के लिए आवश्यक गुणों पर भी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र विशेष रूप से प्रभावशाली रहा, जहाँ विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने सरल, स्पष्ट और प्रेरणादायक उत्तर दिए। साथ ही चिकित्सकीय भ्रांतियों का वैज्ञानिक विश्लेषण विषयक सत्र ने विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन कु. देव्यानी भुजबल ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि समन्वयक श्री अलकमरान अली ने आयोजन की योजना तथा क्रियान्वयन में अहम योगदान दिया। हेक्सा माइंड की छात्र टीम ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।