कारोबार

रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात-डॉ. धाबलिया
06-Jul-2026 2:46 PM
रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात-डॉ. धाबलिया

चेम्बर और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल की संयुक्त स्वास्थ्य कार्यशाला

रायपुर, 6 जुलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गंभीर स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला वर्तमान समय में घुटनों और जोड़ों की गंभीर समस्याओं और उनके आधुनिकतम उपचार रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट विषय पर केंद्रित थी।कार्यक्रम में डॉ. पंकज धाबलिया रायपुर के एक अत्यंत प्रतिष्ठित और अनुभवी हड्डी रोग विशेषज्ञ, रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स, में ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट रिप्लेसमेंट और स्पोर्ट्स इंजरी विभाग के प्रमुख मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

डॉ. धाबलिया ने बताया कि एक आर्थोपेडिक सर्जन के रूप में हमारा काम सिर्फ हड्डियों को जोडऩा नहीं है, बल्कि मरीज के जीवन की गतिशीलता को वापस लौटाना है। तकनीकी रूप से उन्नत होना जरूरी है, लेकिन उसके साथ ही मरीज के प्रति संवेदनशीलता और उसकी मानसिक स्थिति को समझना भी उतना ही आवश्यक है। आज की गतिहीन जीवनशैली  हमारी हड्डियों को समय से पहले कमजोर कर रही है। दवाओं से ज्यादा जरूरी है कि आप अपनी दिनचर्या में शारीरिक सक्रियता और संतुलित आहार को शामिल करें। आपकी हड्डियों की मजबूती ही आपके बुढ़ापे का असली सहारा है।

श्री थौरानी ने बताया कि व्यापार और उद्योग जगत के संचालन में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की भूमिका सर्वोपरि है। निरंतर व्यस्त दिनचर्या और अत्यधिक तनाव के कारण व्यापारी वर्ग अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करता है, जिसके परिणामस्वरूप जोड़ों का दर्द और गठिया जैसी बीमारियां असमय ही उन्हें अपनी चपेट में ले लेती हैं। उन्होंने रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स और डॉ. प्रतीक धाबलिया की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रोबोटिक तकनीक जैसी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता हमारे राज्य के लिए एक गौरव की बात है। ऐसी आधुनिकतम तकनीकों की सही जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुँचना अनिवार्य है, ताकि लोग बिना किसी भय के अपने पुराने और असहनीय दर्द से मुक्ति पा सकें और एक बेहतर एवं गतिशील जीवन जी सकें।

चेम्बर संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने बताया कि घुटनों के स्वास्थ्य पर आयोजित इस प्रेरणादायक कार्यशाला की सफलता के लिए चेम्बर टीम को विशेष रूप से धन्यवाद।


अन्य पोस्ट