कारोबार

प्रभावी संचालन, सुविधाओं और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा
06-Jul-2026 2:45 PM
प्रभावी संचालन, सुविधाओं और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा

टैक्स बार काउंसिल की जीएसटी अपीलीय अधिकरण से भेंट

रायपुर, 6 जुलाई। जीएसटी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता श्री विवेक सारस्वत, प्रदेश महासचिव अधिवक्ता श्री गोपाल कृष्ण तावनिया, उपाध्यक्ष अधिवक्ता श्री महेंद्र पंसारी तथा कोषाध्यक्ष अधिवक्ता श्री दुर्गा शंकर साहू ने जीएसटी अपीलीय अधिकरण (जीएसटीएटी) के माननीय न्यायिक सदस्य (उपाध्यक्ष) श्री प्रदीप व्यास जी, तकनीकी सदस्य (केंद्रीय जीएसटी) श्री सतीश अग्रवाल जी एवं तकनीकी सदस्य (राज्य कर) श्री चन्द्र भूषण सिंह जी से सौजन्य भेंट कर जीएसटी दिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

काउंसिल ने बताया किभेंट के दौरान जीएसटी अपीलीय अधिकरण के प्रभावी एवं सुचारु संचालन, अधिवक्ताओं एवं कर व्यवसायियों की सुविधाओं तथा न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने माननीय सदस्यों को वर्ष 1975 से सक्रिय छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के संगठनात्मक स्वरूप, प्रदेश के 12 जिला टैक्स बार तथा 851 सदस्यों के व्यापक प्रतिनिधित्व एवं परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी अपीलीय अधिकरण परिसर में अधिवक्ताओं एवं कर व्यवसायियों के लिए सुसज्जित एवं सर्वसुविधायुक्त बार कक्ष उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

काउंसिल ने बताया कि जीएसटी अपीलीय अधिकरण के ई-फाइलिंग पोर्टल से संबंधित तकनीकी समस्याओं एवं व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। करदाताओं, अधिवक्ताओं एवं कर व्यवसायियों को जीएसटी अपीलीय अधिकरण के समक्ष अपील प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, संबंधित नियमों तथा अपीलीय पोर्टल पर अपेक्षित जानकारी एवं उसकी व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरूकता एवं मार्गदर्शन संगोष्ठियां आयोजित किए जाने पर भी सार्थक चर्चा हुई।


अन्य पोस्ट