कारोबार
डॉक्टर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए कैट समारोह
रायपुर, 2 जुलाई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस के अवसर पर प्रदेश कार्यालय, रायपुर में गरिमामय चिकित्सक एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
श्री पारवानी ने बताया कि शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के ऐसे दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके ज्ञान, सेवा, समर्पण एवं नैतिक मूल्यों पर समाज का विश्वास कायम है। चिकित्सक मानव जीवन की रक्षा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और सुशासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दोनों ही वर्ग अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान दे रहे हैं।
श्री पारवानी ने बताया कि राष्ट्र निर्माण समाज के प्रत्येक उत्तरदायी वर्ग के सामूहिक योगदान से होता है। चिकित्सक एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट अपने ज्ञान, अनुभव, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। कैट सदैव ऐसे व्यक्तित्वों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है, जो अपने कार्यों से समाज में विश्वास, सेवा, पारदर्शिता और विकास का वातावरण निर्मित करते हैं। व्यापार, चिकित्सा एवं वित्तीय क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय समाज एवं अर्थव्यवस्था दोनों को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगा।