कारोबार

नवउद्यम संस्कृति बढ़ाने कौशल विकास, नवाचार और उद्योगों के साथ साझेदारी को सरकार निरंतर प्रोत्साहित कर रही-गुरू खुशवंत
01-Jul-2026 3:12 PM
नवउद्यम संस्कृति बढ़ाने कौशल विकास, नवाचार और उद्योगों के साथ साझेदारी को सरकार निरंतर प्रोत्साहित कर रही-गुरू खुशवंत

सीआईआई और यंग इंडियंस का स्टार्टअप संपर्क 2026 रहा सफल

रायपुर, 1 जुलाई। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) छत्तीसगढ़ द्वारा आई-हब छत्तीसगढ़ एवं यंग इंडियंस रायपुर के सहयोग से तथा सीएसआईडीसी, डिस्ट्रोनिक्स एवं आईटीएम विश्वविद्यालय की साझेदारी में सीआईआई स्टार्टअप संपर्क 2026 छत्तीसगढ़ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक नवउद्यमों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों, मार्गदर्शकों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में नवउद्यम संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कौशल विकास, नवाचार और उद्योगों के साथ साझेदारी को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने युवाओं से नवाचार आधारित उद्यम स्थापित कर प्रदेश के आर्थिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार (आईएफएस) ने कहा कि सीएसआईडीसी राज्य में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार आधारित उद्योगों के लिए बेहतर अवसर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं श्री बजरंग पावर एंड इस्पात के निदेशक बजरंग गोयल ने बताया कि ऐसे आयोजन नवउद्यमों, उद्योग जगत, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर नए व्यावसायिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। सीआईआई पूर्वी क्षेत्र नवउद्यम उप-समिति के सह-अध्यक्ष एवं डिस्ट्रोनिक्स के सह-संस्थापक रोहित सरकार ने अपने विषय उद्बोधन में नवउद्यमों, उद्योग, शिक्षण संस्थानों एवं सरकार के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है।

यंग इंडियंस रायपुर अध्याय के अध्यक्ष एवं रामा टीएमटी के निदेशक पंकज सोमानी ने युवाओं में उद्यमिता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक सत्र नवउद्यम प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता रहा, जिसमें 100 से अधिक नवउद्यमों में से चयनित 10 नवउद्यमों ने निवेशकों, मार्गदर्शकों और उद्योग विशेषज्ञों के समक्ष अपने अभिनव व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए।


अन्य पोस्ट