कारोबार
सिल्वर होलसेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसो. ने की भेंट
रायपुर, 1 जुलाई। छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौहार्दपूर्ण भेंट कर श्रीमद्भगवद्गीता (छत्तीसगढ़ी) की प्रति सादर भेंट की।एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ललित नवलखा, सचिव श्री चंद प्रकाश गोलछा, श्रीमद्भगवद्गीता (छत्तीसगढ़ी) के लेखक श्री रविन्द्र कुमार सोनी भारत, श्री शशांक जैन, श्री नीरज सांखला, श्री प्रिंस सोनी एवं श्री अभय कोठारी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लेखक रविन्द्र कुमार सोनी भारत ने लगभग 25 वर्षों की अथक साधना, परिश्रम एवं समर्पण से श्रीमद्भगवद्गीता का छत्तीसगढ़ी भाषा में भावानुवाद किया है। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस संपूर्ण ग्रंथ का लेखन एवं टंकण कार्य स्वयं लेखक द्वारा किया गया है। यह कृति केवल एक धार्मिक ग्रंथ का अनुवाद नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की मातृभाषा, संस्कृति एवं सनातन ज्ञान परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए लेखक रविन्द्र कुमार सोनी भारत को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही उन्होंने इस कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार, संरक्षण एवं सम्मान के संबंध में सकारात्मक विचार व्यक्त किए।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा लेखक रविन्द्र कुमार सोनी भारत के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिष्ठित राज्य सम्मानों, विशेषकर पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान एवं लाला जगदलपुरी साहित्य सम्मान, हेतु विचार करने का विनम्र अनुरोध भी प्रस्तुत किया गया। छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी ने इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर को छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति एवं साहित्य के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमद्भगवद्गीता (छत्तीसगढ़ी) आने वाली पीढिय़ों के लिए एक अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर सिद्ध होगी।