कारोबार
चेंबर ने कहा : छग मोटरयान नियम को व्यावहारिक व युक्तियुक्त बनाएं
रायपुर, 25 जून। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि उनके नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल एवं छत्तीसगढ़ ऑटोमोबाइल रिसेलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के माननीय परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप जी से सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम, 1994 में किए जा रहे नए संशोधनों और पुरानी गाडिय़ों के क्रय-विक्रय (रिसेल) पर लागू किए जा रहे अव्यावहारिक नियमों के विरोध में एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
श्री थौरानी ने बताया कि नए प्रस्तावित नियमों के कारण प्रदेश के हजारों छोटे और मध्यम स्तर के वाहन व्यापारियों के सामने व्यवसाय बंद होने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इन नियमों की समीक्षा करने और इन्हें व्यावहारिक व युक्तियुक्त बनाने का विशेष आग्रह किया।
श्री थौरानी ने बताया कि पुरानी गाडिय़ों के ओनरशिप ट्रांसफर पर लागू 1: के नए टैक्स से बाजार में भारी मंदी है। उन्होंने इस टैक्स को तुरंत वापस लेकर पूर्व की भांति केवल मामूली शुल्क ही लेने की बात कही साथ ही डीलरों से मांगी जा रही भारी-भरकम बैंक गारंटी को पूरी तरह निरस्त करने की मांग की गई।
श्री थौरानी ने बताया कि वाहन व्यापारियों की चिंताओं और चेंबर द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन को बेहद गंभीरता से लेते हुए माननीय परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शासन व्यापारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि व्यापार को सुगम बनाना और विसंगतियों को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने इस दिशा में आवश्यक व सकारात्मक कदम उठाने का पूर्ण आश्वासन दिया। कार्यकारी अध्यक्ष-जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष-दिलीप इसरानी, जितेन्द्र शादीजा, छत्तीसगढ़ आटोमोबाइल रिसेलर्स एसोसियेशन के संरक्षक राजेश कुमार नायर एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।