कारोबार

रोटरी सेवाभाव से प्रेरित सुव्यवस्थित और समर्पित संगठन-राज्यपाल डेका
24-Jun-2026 2:00 PM
रोटरी सेवाभाव से प्रेरित सुव्यवस्थित और समर्पित संगठन-राज्यपाल डेका

क्लब ग्रेटर रायपुर की भेंट, समाज हित कार्यों पर चर्चा

रायपुर, 24 जून। रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर समाज हित और जन-कल्याण से जुड़े विविध महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यपाल श्री डेका ने रोटरी क्लब द्वारा संचालित विभिन्न समाज कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह क्लब सेवा-भाव से प्रेरित एक सुव्यवस्थित और समर्पित संगठन है।

सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर बल देते हुए, उन्होंने बताया कि समाज के समग्र विकास और जन-कल्याण के लक्ष्यों को तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब सभी संस्थाएं और नागरिक एकजुट होकर साथ कार्य करें। इस बैठक में राज्यपाल ने सामाजिक उत्थान और सामुदायिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिनिधिमंडल को अपना मार्गदर्शन भी प्रदान किया,

रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर ने बताया कि इससे पूर्व, रोटरी क्लब के अध्यक्ष रितेश जिंदल ने राज्यपाल का स्वागत किया। क्लब की ओर से सम्मान स्वरूप उन्हें एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के सचिव प्रकाश अग्रवाल सहित क्लब के अन्य विशिष्ट पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट