कारोबार

छत्तीसगढ़ के व्यापारी वर्ग का देशव्यापी दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण सहभागिता अनुकरणीय-बिरला
19-Jun-2026 2:17 PM
छत्तीसगढ़ के व्यापारी वर्ग का देशव्यापी दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण सहभागिता अनुकरणीय-बिरला

लोस अध्यक्ष को छत्तीसगढ़ चेंबर ने दिए सुझाव

रायपुर, 19 जून। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि उनके नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था, लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला से मिले।

श्री थौरानी ने बताया कि इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के उपस्थिति में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने देश और प्रदेश के व्यापारिक हितों, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में व्यापारियों की भूमिका और व्यापार को सरल बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर एक महत्वपूर्ण सुझाव व अभिनंदन पत्र (ज्ञापन) सौंपा। देश के छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस  के तहत कागजी कार्रवाई के बोझ को और सरल करने की मांग की।

श्री थौरानी ने जीएसटी से संबंधित सुझाव देते हुए बताया  कि जब भी संसद की स्थायी समितियां जीएसटी, प्रत्यक्ष कर या लेबर लॉ जैसे व्यापार और उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा करें, तो देश के प्रमुख चेम्बर्स के प्रतिनिधियों के व्यावहारिक सुझावों को भी उसमें अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष महोदय का ध्यान स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग की ओर भी आकर्षित किया। चेम्बर ने मांग की कि प्रादेशिक उद्योगों के विकास के लिए सरकारी नीतियों को और अधिक व्यवहारिक व सुलभ बनाया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।

श्री थौरानी ने यह भी बताया कि देश का व्यापारी केवल व्यापार या लाभ कमाने के लिए कार्य नहीं करता, बल्कि वह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करता है और ईमानदारी से राजस्व देकर राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत करता है। छत्तीसगढ़ का पूरा व्यापारी वर्ग राष्ट्रहित के इस महायज्ञ में पूरी ताकत से सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।


अन्य पोस्ट