कारोबार

बदलते कर कानूनों, जीएसटी के अनुपालन और विभागीय प्रक्रियाओं पर कैट करेगा कार्यशाला
16-Jun-2026 3:37 PM
बदलते कर कानूनों, जीएसटी के अनुपालन और विभागीय प्रक्रियाओं पर कैट करेगा कार्यशाला

रायपुर, 16 जून। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ द्वारा व्यापारियों को बदलते कर कानूनों, जीएसटी अनुपालन तथा विभागीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से 16 जून 2026, मंगलवार को एक विशेष जीएसटी कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

श्री पारवानी ने बताया कि कार्यक्रम शाम 4.30 बजे से कैट प्रदेश कार्यालय, प्रथम तल, पगारिया कॉम्प्लेक्स, पुराना बस स्टैंड, पंडरी, रायपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आज कैट छत्तीसगढ़ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यशाला की रूपरेखा, व्यापारी सहभागिता तथा आयोजन की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि यह कार्यशाला व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं मार्गदर्शक सिद्ध होगी।

कैट छत्तीसगढ़ की लीगल टीम के सीए मुकेश मोटवानी ने बताया कि कार्यशाला में प्रदेश के प्रसिद्ध जीएसटी विशेषज्ञ सीए जितेन्द्र सिंह खनूजा विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे जीएसटी जांच एवं विभागीय कार्रवाई, फर्जी बिलिंग एवं फेक आईटीसी की पहचान, समन-सर्वे-निरीक्षण एवं गिरफ्तारी से बचाव, जीएसटी अनुपालन जाँच-सूची तथा विभिन्न वास्तविक प्रकरण अध्ययन एवं कानूनी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देंगे।

श्री पारवानी ने बताया कि वर्तमान समय में व्यापारियों के लिए केवल व्यापार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कानूनों की सही जानकारी और समय पर अनुपालन भी उतना ही आवश्यक है। यह कार्यशाला व्यापारियों को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कैट का उद्देश्य व्यापारियों को केवल समस्याओं से अवगत कराना नहीं, बल्कि उन्हें समाधान और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी है।


अन्य पोस्ट