कारोबार
व्यापारी संवाद अभियान जारी
रायपुर, 13 जून। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित व्यापारी संवाद अभियान के अंतर्गत रायपुर प्लाईवुड ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्री पारवानी ने बताया कि कार्यक्रम में कैट के प्रतिनिधियों ने प्लाईवुड व्यापार से जुड़े व्यापारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। संवाद के दौरान व्यापारिक वातावरण, बाजार की वर्तमान परिस्थितियों, कराधान संबंधी विषयों, व्यापार संचालन में आ रही चुनौतियों, ई-कॉमर्स से बढ़ती प्रतिस्पर्धा तथा व्यापार संवर्धन के विभिन्न पहलुओं पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया। संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है।
श्री पारवानी ने बताया कि व्यापारिक संगठनों के सहयोग एवं सहभागिता से व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। रायपुर प्लाईवुड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विजय पटेल ने कैट छत्तीसगढ़ की नवगठित टीम एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कैट व्यापारी संवाद अभियान की सराहना की।


