कारोबार
दिव्य दृष्टि अभियान के तहत 115 की होगी मोतियाबिंद सर्जरी
रायपुर, 12 जून। सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो दीवाज़ (सत्र 2025-26) ने दिव्य दृष्टि - धुंधलेपन से परे अभियान की शुरुआत की है। दीवाज़ ने बताया कि इस परोपकारी अभियान के अंतर्गत क्लब द्वारा 115 जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी का अनमोल उपहार दिया जा रहा है।
दीवाज़ ने बताया कि इस पुनीत कार्य का भव्य शुभारंभ न्यू शांति नगर स्थित बाबा गरीबदास नेत्र चिकित्सालय में किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारियों और सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। अध्यक्षा रुचि मित्तल, अध्यक्ष अंकिता फरमानिया और सचिव अस्मित मक्कड़ की अगुवाई में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
दीवाज़ ने बताया कि सहयोगी साझेदार- अधिराज सीमेंट्स और कंक्रीट टीएमटी एवं स्ट्रक्चर्स के विशेष सहयोग से यह अभियान संचालित हुआ। दिव्य दृष्टि अभियान का मूल उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की आँखों से धुंधलापन हटाकर उनके जीवन को फिर से रोशनी और नई उम्मीदों से सराबोर करना है।


