कारोबार

व्यापारिक संगठनों संग समस्या-समाधान और समन्वय पर कैट व्यापारी संवाद अभियान शुरू
10-Jun-2026 3:46 PM
व्यापारिक संगठनों संग समस्या-समाधान और समन्वय पर कैट व्यापारी संवाद अभियान शुरू

रायपुर, 10 जून। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश के व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों के साथ संवाद, समन्वय और समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से कैट व्यापारी संवाद अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का मूल उद्देश्य व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को समझना तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करना है।

श्री जैन ने बताया कि उनके नेतृत्व में अभियान की शुरुआत पंडरी स्थित रायपुर थोक कपड़ा व्यापारी संघ से की गई, जहां कैटछत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ विस्तृत संवाद किया। इस दौरान व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों, बाजार की चुनौतियों, व्यापारिक गतिविधियों में आने वाली कठिनाइयों एवं उनके संभावित समाधानों पर खुलकर चर्चा हुई।

श्री पारवानी ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समझना और उनके सुझावों के आधार पर समाधान का मार्ग तैयार करना है। व्यापारिक संगठनों के सहयोग एवं सहभागिता से व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन एवं शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।


अन्य पोस्ट