कारोबार
अजंत अध्यक्ष, महेश उपाध्यक्ष, मितेश सचिव और योगेश कोषाध्यक्ष बने
रायपुर, 6 जून। रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट्स एसोसिएशन (रीमा) की वार्षिक आमसभा में विगत तीन वर्षों के कार्यकाल की गतिविधियों का विवरण सचिव श्री मितेश वाढेर (एक्सप्रेस ट्रेडकॉम प्रा. लि.) द्वारा प्रस्तुत किया गया। कोषाध्यक्ष श्री योगेश त्रिवेदी ने वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
रीमा ने बताया कि आमसभा में नई कार्यकारिणी के चुनाव का प्रस्ताव भी रखा गया। पूर्व अध्यक्ष श्री श्याम माहेश्वरी ने चुनाव अधिकारी के समक्ष प्रस्ताव रखा कि विगत तीन वर्षों के सफल कार्यकाल को देखते हुए वर्तमान टीम को पुन: सर्वसम्मति से निर्विरोध मनोनीत किया जाए। इसके पश्चात चुनाव अधिकारी श्री शिव अग्रवाल (अजय ट्रेड्स) ने रीमा के संविधान के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पदों के लिए नाम आमंत्रित किए। प्रत्येक पद के लिए केवल एक-एक नाम का प्रस्ताव एवं समर्थन प्राप्त होने पर चुनाव अधिकारी ने नई टीम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
रीमा ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी में श्री अजंत अग्रवाल (अंकित इलेक्ट्रिकल्स) को अध्यक्ष, श्री महेश नथानी (एशियन एसोसिएट्स) को उपाध्यक्ष, श्री मितेश वाढेर (एक्सप्रेस ट्रेडकॉम प्रा. लि.) को सचिव तथा श्री योगेश त्रिवेदी (क्रिएट बिजनेस इंक.) को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अजंत अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


