कारोबार

पेट्रोल-डीजल की कमी, शीघ्र समाधान का कलेक्टर से मिला आश्वासन-राडा
05-Jun-2026 2:37 PM
पेट्रोल-डीजल की कमी, शीघ्र समाधान का कलेक्टर से मिला आश्वासन-राडा

ऑटोमोबाइल व्यवसाय की समस्याओं पर आग्रह

रायपुर, 5 जून। प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति में आ रही कमी का असर अब ऑटोमोबाइल व्यवसाय पर भी पडऩे लगा है। इसी विषय को लेकर रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार एवं  कीर्तिमान राठौर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नई दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की डिलीवरी के समय प्रत्येक वाहन में 2 से 5 लीटर पेट्रोल अथवा डीजल डालना आवश्यक होता है। इसके अलावा शोरूम एवं सर्विस संचालन के लिए उपयोग किए जाने वाले जनरेटरों में भी डीजल की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में ईंधन की सीमित उपलब्धता के कारण वाहन डिलीवरी एवं व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

राडा पदाधिकारियों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि ऑटोमोबाइल डीलर्स को ड्रम अथवा कैन के माध्यम से पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि ग्राहकों को समय पर वाहनों की डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके। राडा ने बताया कि कलेक्टर गौरव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्या का शीघ्र समाधान करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा ऑटोमोबाइल उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


अन्य पोस्ट