कारोबार
100 से अधिक शहरों में एक साथ आयोजित
रायपुर, 27 मई। जीतो चैप्टर रायपुर के चेयरमैन तिलोकचंद बरडिय़ा ने बताया कि जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइज़ेशन (जीतो) के तत्वावधान में जीतो नेशनल जॉब फेयर 3.0 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रोजगार मेले में युवाओं, नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों एवं विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि लगभग 25 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहाँ विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। 125 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया, वहीं लगभग 35 अभ्यर्थियों ने जॉब फेयर स्थल पर पहुंचकर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवाया। अभ्यर्थियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर करियर संबंधी जानकारी प्राप्त की। युवाओं को रोजगार के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग का भी अवसर मिला।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि जीतो जॉब्स द्वारा आयोजित यह वन डे मल्टी-सिटी पैन इंडिया पहल देशभर के 100 से अधिक शहरों में एक साथ आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य योग्य प्रतिभाओं को उद्योग जगत से जोडऩा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना रहा। इस राष्ट्रीय अभियान के माध्यम से हजारों युवाओं को विभिन्न कंपनियों तक अपनी प्रतिभा पहुँचाने का अवसर मिला। इस जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना है।
जीतो जॉब्स रायपुर कन्वेनर राज बोथरा ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में युवाओं को सही अवसर एवं सही मार्गदर्शन मिलना अत्यंत आवश्यक है। जीतो जॉब फेयर युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर करियर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। अंकुश गोलछा, नरेश नहर, अंकिता बरडिय़ा, पूजा बोथरा, निकेश बरडिय़ा, सुशील बरलोटा, अशोक पटवा, कीर्ति जैन, अभय भंसाली, अभिलेश कटारिया एवं विपुल सेठिया उपस्थित रहे।


