कारोबार

साइबर अपराधी तकनीकी कमजोरी से ज्यादा आपके विश्वास-जल्दबाजी का फायदा उठाते
26-May-2026 2:55 PM
साइबर अपराधी तकनीकी कमजोरी से ज्यादा आपके विश्वास-जल्दबाजी का फायदा उठाते

चेंबर की डिजिटल रक्षा कार्यशाला में सौरभ माहेश्वरी ने कहा

रायपुर, 26 मई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि उनके मार्गदर्शन में तेलीबांधा स्थित होटल किंग्सवे में डिजिटल रक्षा:-सुरक्षित डिजिटल इंडिया, सुरक्षित आपका कल विषय पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सफल सत्र का आयोजन हुआ। इस विशेष सत्र में रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों और उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों, ऑनलाइन सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता व चुनौतियों से व्यापारिक जगत को अवगत कराना था।

मुख्य वक्ता सौरभ माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में व्यापार की प्रगति जितनी तेज हुई है, साइबर अपराधियों के जाल भी उतने ही सूक्ष्म और खतरनाक हो गए हैं। उन्होंने व्यापारियों को आगाह करते हुए बताया कि आजकल एआई के माध्यम से होने वाली ठगी सबसे बड़े खतरे के रूप में उभरी है, जिसमें डीपफेक तकनीक के जरिए किसी परिचित की आवाज या चेहरा बनाकर व्यापारिक भुगतान करवा लिए जाते हैं।

श्री माहेश्वरी ने यह भी बताया कि इसके अलावा फिशिंग ईमेल, फर्जी बैंक कॉल, और रैनसमवेयर जैसे हमले व्यापारियों के पूरे डेटा को ब्लॉक कर देते हैं, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप हो सकता है। इन खतरों को समझना इसलिए जरूरी है क्योंकि साइबर अपराधी अब आपकी तकनीकी कमजोरी से ज्यादा आपके विश्वास और जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं।


अन्य पोस्ट