कारोबार

केन्द्रीय मंत्री के नेतृत्व में कनाडा जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में थौरानी-चेंबर
25-May-2026 3:43 PM
केन्द्रीय मंत्री के नेतृत्व में कनाडा जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में थौरानी-चेंबर

रायपुर, 25 मई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के व्यापार, उद्योग और निवेश के इतिहास में एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अध्याय जुडऩे जा रहा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में कनाडा जाने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल में उनका शामिल होना पूरे प्रदेश के लिए सम्मान, आत्मविश्वास और नई संभावनाओं का प्रतीक बन गया है।

श्री थौरानी ने बताया कि यह विदेश यात्रा नए, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान स्थापित करने की ऐतिहासिक पहल है। इतिहास में पहली बार छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का कोई प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की औद्योगिक शक्ति, व्यापारिक क्षमता और निवेश संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करेगा। यह पूरे प्रदेश की बढ़ती आर्थिक ताकत और राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता का प्रमाण भी है।

श्री थौरानी ने बताया कि कनाडा दौरे के दौरान वे वहां के प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और व्यापारिक संगठनों से मुलाकात करेंगे तथा छत्तीसगढ़ को निवेश, उद्योग और नवाचार के उभरते केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेंगे। यह प्रयास प्रदेश को राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़ाकर वैश्विक निवेश मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट