कारोबार

अकादमिक और रिसर्च सहयोग को मजबूत बनाने एचएनएलयू-एनसीएनयू ताइवान में एमओयू
24-May-2026 5:22 PM
अकादमिक और रिसर्च सहयोग को मजबूत बनाने एचएनएलयू-एनसीएनयू ताइवान में एमओयू

रायपुर, 24 मई। हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने बताया कि ताइवान की नेशनल ची नान यूनिवर्सिटी (एनसीएनयू ) के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू ) साइन किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक और रिसर्च सहयोग को और मजबूत बनाना है। यह एमओयू 6 मई 2026 को ताइवान स्थित एनसीएनयू कैंपस में साइन किया गया।

एचएनएलयू ने बताया कि एचएनएलयू के वाइस चांसलर प्रो. विवेकानंदन ने कहा कि यह एमओयू दोनों संस्थानों के बीच इंटरडिसिप्लिनरी क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा और भारत एवं ताइवान के बीच अकादमिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगा। नेशनल ची नान यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. डोंग-सिंग वू, जो मूल रूप से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं, ने भारत के एक नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सहयोग लॉ और टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

एचएनएलयू ने बताया कि इस एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रिसर्च और अकादमिक एक्सचेंज को बढ़ावा देंगे; कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप्स आयोजित करेंगे; फैकल्टी और स्टूडेंट मोबिलिटी प्रोग्राम्स चलाएंगे; इंटरनेशनल अकादमिक पार्टनरशिप्स विकसित करेंगे; और इंटरडिसिप्लिनरी एवं कम्पेरेटिव रिसर्च के अवसरों को बढ़ावा देंगे।

एचएनएलयू ने बताया कियह साझेदारी एचएनएलयू के ग्लोबल अकादमिक नेटवर्क को विस्तार देने और सार्थक अंतरराष्ट्रीय सहयोग विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। साल 2003 में स्थापित एचएनएलयू, अटल नगर, नया रायपुर, छत्तीसगढ़ में 65 एकड़ के इको-फ्रेंडली कैंपस में स्थित है।

एचएनएलयू ने बताया कि विश्वविद्यालय को बार काउंसिल ऑफ इंडिया  और यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन  से मान्यता प्राप्त है। विश्वविद्यालय का ध्येय वाक्य धर्म संस्थापनार्थ  है, जिसका अर्थ है शाश्वत मूल्यों पर आधारित विधि की सर्वोच्चता की स्थापना।


अन्य पोस्ट