कारोबार

कैट और आईटीपीओ साथ मिलकर बड़े स्तर पर भारतीय व्यापार एवं उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करेंगे-पारवानी
24-May-2026 5:21 PM
कैट और आईटीपीओ साथ मिलकर बड़े स्तर पर भारतीय व्यापार एवं उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करेंगे-पारवानी

रायपुर, 24 मई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि  देश के व्यापार एवं उद्योग जगत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के बीच भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

श्री पारवानी ने बताया कि यह भव्य महोत्सव आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारत के व्यापार एवं उद्योग जगत की शक्ति और क्षमता का भव्य प्रदर्शन होगा। कैट द्वारा लगातार दिए जा रहे स्वदेशी एवं भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने के आह्वान के अनुरूप इस महोत्सव की थीम मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड रखी गई है। महोत्सव देशभर के व्यापारियों, उद्योगों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, निर्यातकों, कारीगरों, महिला एवं युवा उद्यमियों को एक साझा राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच प्रदान करेगा।

श्री पारवानी ने बताया कि यह भारतीय व्यापारिक समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। पहली बार देश का सबसे बड़ा व्यापारिक संगठन कैट एवं भारत सरकार का प्रमुख व्यापार संवर्धन संगठन आईटीपीओ इतने बड़े स्तर पर एक साथ आकर भारतीय व्यापार एवं उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, उद्यमिता, नवाचार एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन का विराट प्रदर्शन होगा। यह महोत्सव भारतीय व्यापार को नई दिशा, नए अवसर एवं वैश्विक पहचान प्रदान करेगा।

 

श्री पारवानी ने बताया कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत एवं लोकल टू ग्लोबल के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं को देश एवं विदेश के बाजारों में बड़े व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराएगा।

श्री पारवानी ने बताया कि महोत्सव की प्रमुख विशेषताओं में 1,000 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से भारतीय उत्पादों का प्रदर्शन, 2 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी, 10 लाख से अधिक आगंतुकों की संभावित उपस्थिति तथा 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की सहभागिता शामिल होगी।


अन्य पोस्ट