कारोबार
माहेश्वरी महिला समिति गोपाल मंदिर का आयोजन
रायपुर, 21 मई। माहेश्वरी महिला समिति, गोपाल मंदिर प्रचार-प्रसार प्रमुख शशि मोहता ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री चंपारण धाम में चुनरी मनोरथ कार्यक्रम बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस भक्तिमय आयोजन में लगभग 40 महिलाओं ने बड़े ही चाव, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
श्रीमती मोहता ने बताया कि सभी महिलाएँ पीले एवं केसरिया रंग की साडिय़ों में लाल चुनरी ओढ़े भक्तिमय स्वरूप में उपस्थित हुईं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंतर्गत माँ यमुना का पूजन, श्रृंगार एवं चुनरी मनोरथ श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढक़र सहभागिता निभाई।
श्रीमती मोहता ने बताया कि आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण देखते ही बन रहा था। समिति द्वारा सभी महिलाओं के लिए चाय, शरबत, गरमा-गरम नाश्ता एवं स्वादिष्ट प्रसादी भोजन की सुंदर व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया। इस कार्यक्रम की तैयारियाँ लगभग एक माह पूर्व से प्रारंभ कर दी गई थीं। समिति की महिलाओं ने मिलकर बड़े प्रेम, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ एकत्रित एवं तैयार किया, ताकि मनोरथ पूर्ण भक्तिभाव से सम्पन्न हो सके।
श्रीमती मोहता ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के प्रारंभ में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, आध्यात्मिक एवं भक्तिमय रहा, जिसने महिलाओं में धार्मिक आस्था, एकता एवं उत्साह का सुंदर संदेश दिया।प्रदेश प्रचार-प्रसार प्रभारी प्रतिभा नथानी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सचिव नंदा भट्टर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की संयोजिकाओं प्रगति कोठारी, नीता लखोटिया एवं कविता दम्मानी का विशेष सहयोग रहा एवं समस्त कार्यकारिणी बहनों ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
श्रीमती मोहता ने बताया कि अध्यक्ष — कल्पना राठी और सचिव —भावना मरदा भी मुख्य रूप से मौजूद थीं।


