कारोबार
रायपुर, 18 मई। माहेश्वरी महिला समिति गोपाल मंदिर रायपुर की अध्यक्षा नीलिमा लड्ढा ने बताया कि रायपुर के गुढिय़ारी निवासी ईशान राठी ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। वे भावन्स आरके सारडा विद्या मंदिर के छात्र हैं तथा उन्होंने कॉमर्स + मैथ्स विषय का चयन किया था।
श्रीमती लड्ढा ने बताया कि विशेष रूप से गणित विषय में उन्होंने 97 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ईशान के पिता श्री अनुराग राठी एवं माता श्रीमती विनीता राठी ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार, शिक्षकों एवं संस्थान के सहयोग का परिणाम बताया। ईशान ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी बहन मिस यशश्री राठी, विद्यालय तथा एनएससीसी कोचिंग इंस्टिट्यूट को दिया। उनकी बहन विद्यालय की टॉपर रह चुकी हैं, जिनसे उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती रही।
ईशान राठी ने बताया कि सफलता का मूल मंत्र निरंतरता (कंसिस्टेंसी), सकारात्मक सोच और नियमित मेहनत है। उनके अनुसार माता-पिता एवं शिक्षकों ने कभी अनावश्यक दबाव नहीं डाला, बल्कि हर परिस्थिति में उनका मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।
ईशान राठी ने विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया—यदि आप निरंतरता बनाए रखते हैं और सीखने की सच्ची इच्छा रखते हैं, तो 12 घंटे पढऩे से बेहतर 6 घंटे मन लगाकर पढऩा है।


