कारोबार
क्रिकेट एकेडमी की शुरूआत ऐतिहासिक-चांसलर अग्रवाल
रायपुर, 12 मई। आंजनेय यूनिवर्सिटी के चांसलर अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने और प्रदेश में क्रिकेट की मजबूत आधारशिला तैयार करने की दिशा में आंजनेय यूनिवर्सिटी ने एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। परिसर स्थित अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड में प्रतिष्ठित क्रिकेट संस्थान गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी के सहयोग से क्रिकेट अकादमी की औपचारिक शुरुआत की गई।
श्री अग्रवाल ने बताया कि यह केवल एक खेल अकादमी की शुरुआत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति, अनुशासन, रचनात्मकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रशिक्षण व्यवस्था को विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। करीब तीन दशकों से क्रिकेट प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली का इतिहास उपलब्धियों से भरा रहा है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि इस संस्थान ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री राजेश कुमार चौहान इसी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा रहे हैं। वर्ष 1994 में उनके द्वारा स्थापित इस अकादमी ने लगातार खिलाडिय़ों को तकनीकी दक्षता, खेल की बारीकियों और प्रतिस्पर्धात्मक मानसिकता से सशक्त किया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश चौहान की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने बताया कि सही मार्गदर्शन और बेहतर खेल सुविधाएं किसी भी खिलाड़ी के सपनों को नई दिशा दे सकती हैं। डॉ. हिमांशु द्विवेदी प्रबंध संपादक, हरिभूमि, विक्रम सिसोदिया महासचिव, ओलंपिक संघ, अजय शुक्ल, बी. डी. बाबू, सरसिज घोष सचिव (जी सी सी ए) सुनील त्रिवेदी जी उपाध्यक्ष (जी सी सी ए), शशांक किशोर, गुरु चरण सिंह होरा, सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।


