कारोबार
महिलाओं और प्रथम रक्तदाताओं की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी
रायपुर, 11 मई। अनोपचंद तिलोकचंद ज्वैलर्स प्रा. लि. के चेयरमैन तिलोकचंद बरडिय़ा ने बताया कि मदर्स डे पर मानव सेवा एवं सामाजिक सद्भावना के संदेश को साकार करते हुए शिवनाथ ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं युवा संगठनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं एवं प्रथम बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, रक्तदान उपरांत पौष्टिक व्यवस्था तथा विश्राम हेतु उचित प्रबंध किए गए थे। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन एवं प्रख्यात समाजसेवी श्री तिलोकचंद बरडिय़ा ने कहा कि रक्तदान महादान है। मातृ दिवस जैसे पवित्र अवसर पर किया गया रक्तदान मातृत्व के त्याग और प्रेम को समर्पित सबसे सार्थक उपहार है। एक यूनिट रक्त किसी मरीज के परिवार को पुन: जीवन की नई सुबह दे सकता है।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के निदेशक निकेश बरडिय़ा, चिकित्सकगण, पैरामेडिकल स्टाफ, कार्यालय कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं का विशेष योगदान रहा। ए टी ज्वैलर्स प्रा. लि के मार्केटिंग हेड और रक्तदान शिविर के संयोजक, राहुल जनबंधु ने सभी रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


