कारोबार
रायपुर, 9 मई। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि कैट छत्तीसगढ़ में प्रदेश वरिष्ठ व्यापारियों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
श्री पारवानी ने बताया कि प्रदेश चेयरमेन, वाइस चेयरमेन एवं कार्यकारी अध्यक्ष पदों पर दिग्गज व्यापारियों की नियुक्ति की गई है। छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश नेतृत्व की नई टीम का विस्तार किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री एवं लोकसभा सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल तथा राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी की अनुशंसा एवं प्रदेश कोर कमेटी की सहमति व मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ इकाई के नए वरिष्ठ पदाधिकारियों का मनोनयन आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से किया गया।
श्री पारवानी ने बताया कि संगठन के विस्तार एवं व्यापारी हितों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश चेयरमेन के रूप में श्री जितेन्द्र दोशी एवं श्री विक्रम सिंहदेव, प्रदेश वाइस चेयरमेन के रूप में श्री सुरिंदर सिंह एवं श्री जीवत बजाज तथा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में श्री राजेंद्र जग्गी, श्री वासु माखीजा, श्री राम मंधान, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी एवं श्री शंकर बजाज को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कैट छत्तीसगढ़ लगातार प्रदेश के व्यापारियों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है तथा आने वाले समय में संगठन प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। नवगठित टीम स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय मंच तक व्यापारियों की समस्याओं एवं मांगों को प्रभावी रूप से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


