कारोबार

बॉब के प्रयासों से छग शासन को ग्रामीणों तक प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता और योजनाओं का लाभ पहुंचाने मदद मिलेगी-ओपी
07-May-2026 2:37 PM
बॉब के प्रयासों से छग शासन को ग्रामीणों तक प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता और योजनाओं का लाभ पहुंचाने मदद मिलेगी-ओपी

बीजापुर के तर्रेम में बैंक ऑफ बड़ौदा की नयी शाखा

रायपुर, 7 मई। बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि बैंक ने बीजापुर जिले के तर्रेम गांव में अपनी नई शाखा का शुभारंभ कर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। बैंक की यह 223वीं शाखा ग्रामीण नागरिकों को वित्तीय सहायता और बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

बैंक ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक दिवाकर पी. सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा बीजापुर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री संबित मिश्रा (आईएएस), पुलिस अधीक्षकजितेंद्र के. यादव (आईपीएस), उसूर एसडीएम भूपेंद्र कुमार गावरे, उसूर सीईओ पी.आर. चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, बैंक ऑफ बड़ौदा रायपुर अंचल के उपमहाप्रबंधक अनुपालन एवं आश्वासन डॉ. आर.के. मोहंती तथा सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख धमतरी क्षेत्र बानाम्बर बेहरा सहित बैंक एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री चौधरी ने बैंक ऑफ बड़ौदा को बैंकिंग सेवाओं से वंचित क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाने के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि इससे सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता और विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बैंक से दुर्गम क्षेत्रों में अधिक एटीएम मशीनें स्थापित करने तथा बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट की नियुक्ति बढ़ाने का भी आग्रह किया। वहीं अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक दिवाकर पी. सिंह ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच मजबूत करने के लिए नई शाखाएं खोलने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैंक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा आर्थिक सशक्तिकरण में वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और विभिन्न वित्तीय उत्पादों एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए मौके पर ही कई नामांकन किए गए।

बैंक ने बताया कि साथ ही लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूह योजनाओं और बड़ौदा किसान क्रेडिट कार्ड के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। वह छत्तीसगढ़ के प्रगतिशील वित्तीय परिदृश्य में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करते हुए अभिनव बैंकिंग समाधान तथा बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट