कारोबार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर खुरासिया का राज्य के खिलाडिय़ों को मिलेगा मार्गदर्शन
05-May-2026 2:42 PM
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर खुरासिया का राज्य के खिलाडिय़ों को मिलेगा मार्गदर्शन

रायपुर, 5 मई। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने बताया कि राज्य के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अब देश के श्रेष्ठ प्रशिक्षक का मार्गदर्शन मिलेगा। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री अमय खुरासिया छत्तीसगढ़ के नए मुख्य कोच होंगे। श्री खुरासिया के मार्गदर्शन में केरल की टीम 74 साल के रणजी ट्राफी इतिहास में पहली बार फाइनल तक पहुंची थी।

संघ ने बताया कि अमय खुरासिया ने 1999 के विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। बांग्लादेश में सार्क क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय-ए क्रिकेट टीम की कप्तानी की और भारतीय टीम संयुक्त विजेता रही। करियर में 12 अंतरराष्ट्रीय वनडे (1999-2001) मैच खेले। कुल 119 प्रथम श्रेणी मैच (1989-2006) खेलने का अपार अनुभव भी श्री खुरासिया के पास है।

संघ ने बताया कि मध्य प्रदेश का जूनियर वर्ग से लेकर रणजी टीम तक लंबे समय तक नेतृत्व किया। बीसीसीआई के लेवल-सी कोच की डिग्री हासिल की। पिछले 23 साल से बतौर प्रशिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे 10 वर्ष तक मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के मुख्य कोच रहे और इस दौरान आरसीबी के वर्तमान कप्तान रजत पाटीदार, आक्रामक बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर, तेज गेंदबाज आवेश खान सहित कई युवाओं को तैयार किया, जो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने खेल का धमाल मचा रहे हैं।

श्री खुरासिया ने बताया कि छत्तीसगढ़ के युवा बहुत प्रतिभाशाली हैं। मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को धन्यवाद देता हूं। अपने करियर में मुझे चुनौतियां पसंद हैं।


अन्य पोस्ट