कारोबार

पूरे देश से आए कलाकारों की रचनात्मकता बस्तर पर्यटन को विदेश का बेहतर विकल्प बताते उभरी
04-May-2026 2:13 PM
पूरे देश से आए कलाकारों की रचनात्मकता बस्तर पर्यटन को विदेश का बेहतर विकल्प बताते उभरी

कार्टून वॉच पत्रिका का लाइव कैरिकेचर मेकिंग आयोजन

रायपुर, 4 मई। कार्टून वॉच पत्रिका के संपादक त्रयंबक शर्मा ने बताया कि कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा विश्व कार्टूनिस्ट दिवस के अवसर पर लाइव कैरिकेचर मेकिंग का आयोजन रखा गया है. 5 मई को शाम 5 बजकर 55 मिनट पर यह कार्यक्रम रायपुर सिविल लाइंस में नए सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया जाएगा।

श्री शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से किया जा रहा है. इस वर्ष यह आयोजन सामाजिक संस्था कैक्टस के साथ मिलकर किया जा रहा है।

श्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर की कार्टून प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बस्तर पर्यटन को विदेश यात्रा से अच्छा विकल्प बताया. इस वर्ष की प्रतियोगिता का विषय था-युद्ध के समय विदेशी यात्रा छोड़ें — बस्तर आइए, जहां शांति और हरियाली है। इस विषय ने प्रतिभागियों को शांति, घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने तथा वैश्विक परिस्थितियों पर रचनात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

श्री शर्मा ने बताया कि चुनौतीपूर्ण विषय के बावजूद प्रतियोगिता में देशभर से उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। प्रतिभागियों की कृतियों में मौलिकता, गहराई और सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुए, जिससे यह सिद्ध होता है कि कार्टूनिंग आज भी एक प्रभावी अभिव्यक्ति माध्यम है।

श्री शर्मा ने बताया कि चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नागपुर के प्रसिद्ध कलाकार संजय मोरे और उमेश चारोले द्वारा लाइव कार्टूनिंग डेमोंस्ट्रेशन तथा डिजिटल युग में कार्टूनिंग के भविष्य पर सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट