कारोबार
पूनम, समता, ऐश्वर्या, शिल्पी, अक्षिता और सुरभि बनीं पदाधिकारी
रायपुर, 11 अप्रैल। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसीआई) की महिला इकाई एफआईसीसीआई लेडीज़ ऑर्गनाइजेशन (फ्लो) ने आज रायपुर, छत्तीसगढ़ में अपने 22वें चैप्टर के शुभारंभ की घोषणा की।
एफआईसीसीआई फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्षा पूजा गर्ग ने बताया कियह महत्वपूर्ण उपलब्धि पूरे देश में महिला उद्यमियों और पेशेवरों को सशक्त बनाने के फ्लो के संकल्प को और मजबूत करती है तथा राज्य में समावेशी आर्थिक विकास में योगदान देती है। नई दिल्ली स्थित मुख्यालय और देशभर में 21 चैप्टर तथा 15,000 से अधिक सदस्यों के सशक्त नेटवर्क के साथ, फ्लो पिछले चार दशकों से महिला उद्यमिता, नेतृत्व और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
सुश्री गर्ग ने बताया कि रायपुर चैप्टर क्षेत्र में इन उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा और राज्य के प्रगतिशील एवं समावेशी विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप कार्य करेगा। रायपुर, जो मध्य भारत का एक तेजी से विकसित होता औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्र है, महिला-नेतृत्व वाले विकास के लिए व्यापक अवसर प्रदान करता है। यहां की मजबूत बुनियादी संरचना, बढ़ता हुआ व्यावसायिक पारिस्थितिकी तंत्र और उद्यमशीलता की ऊर्जा इसे संभावनाओं और प्रगति का प्रतीक बनाते हैं।
फ्लो रायपुर चैप्टर की चेयरपर्सन पूनम अग्रवाल ने बताया कि रायपुर चैप्टर का शुभारंभ इस क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक सशक्त और सहयोगात्मक मंच की शुरुआत है। फ्लो के माध्यम से महिलाएं जुड़ेंगी, सहयोग करेंगी और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन प्राप्त करेंगी। समता अग्रवाल-वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ऐश्वर्या गोयल-उपाध्यक्ष, शिल्पी अग्रवाल-सचिव, अक्षिता मुनत-कोषाध्यक्ष और सुरभि मुंद्रा ने संयुक्त कोषाध्यक्ष के पद पर शपथ ली।
चेयरपर्सन ने यह भी बताया कि डॉ. संगीता रेड्डी, प्रबंध निदेशक, अपोलो हॉस्पिटल्स; मुख्य वक्ता एवं एफआईसीसीआई की पूर्व अध्यक्ष, तथा श्रीमती मीनल चौबे, महापौर, रायपुर की विशिष्ट उपस्थिति रही। फ्लो के पूर्व अध्यक्ष, प्रेसीडियम सदस्य और गवर्निंग बॉडी सदस्य मुख्य रूप से मौजूद थे।