कारोबार
विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर जीतो का आयोजन
रायपुर, 10 अप्रैल। जीतो रायपुर चैप्टर के चेयरमैन तिलोकचंद बरडिय़ा ने बताया कि उनके मार्गदर्शन में विश्व नवकार महामंत्र दिवस का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। विश्व के 120 देशों में एक साथ आयोजित इस महा-अनुष्ठान की कड़ी में, रायपुर के एम.जी. रोड स्थित दादाबाड़ी धाम में भक्ति और ऊर्जा का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि इस वैश्विक आयोजन की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत के माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित हुए। रायपुर के इस भव्य आयोजन में श्री बरडिय़ा ने मुख्य अतिथि रायपुर की महापौर मीनल चौबे और जीतो अपैक्स दिल्ली से पधारीं श्रीमती नीता बुजरा जी का श्रीफल, शॉल एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि परम पूज्य श्री स्नेहयशा श्री जी म.सा. एवं अन्य गुरु भगवंतों के पावन सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने गुरुवंदना और प्रेरक प्रवचनों का लाभ उठाया। इसके पश्चात चेयरमैन तिलोकचंद बरडिय़ा सहित जीतो रायपुर के पदाधिकारियों, लेडीज विंग, यूथ विंग, छ्वक्चहृ और जैन समाज के 14 घटकों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि मुख्य अतिथि महापौर मीनल चौबे ने अपने संबोधन में इस गरिमामय आयोजन हेतु जीतो के सभी पदाधिकारियों को साधुवाद दिया। उन्होंने नवकार मंत्र की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विश्व शांति और सद्भावना के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। जीतो लेडीज विंग की सचिव अंकिता बरडिय़ा ने बताया कि इस दिवस को यादगार बनाने के लिए रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से बच्चों और महिलाओं ने विश्व शांति का संदेश दिया।
श्री बरडिय़ा ने बताया कि बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई और लगभग 60 आकर्षक पोस्टर बनाए, जिनकी प्रदर्शनी को आगंतुकों ने खूब सराहा साथ ही, 25 से अधिक प्रभावशाली रील्स की भी श्री तिलोकचंद बरडिय़ा व अन्य पदाधिकारियों ने प्रशंसा की और विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व संयोजन श्री अलोक जैन द्वारा किया गया। आयोजन का माहौल उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो गया जब राहुल झाबक और उनकी टीम ने अपनी शानदार सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।


