कारोबार

भवों की यात्रा-वीर की गाथा नृत्य नाटिका का श्री जिनकुशल सूरि दादाबाड़ी तीर्थ में भव्य आयोजन
31-Mar-2026 5:05 PM
भवों की यात्रा-वीर की गाथा नृत्य नाटिका का श्री जिनकुशल सूरि दादाबाड़ी तीर्थ में भव्य आयोजन

  सजीव मंचन से महिला मंडल ने जीता सबका दिल  

रायपुर, 31 मार्च। राजधानी के एम.जी. रोड स्थित श्री जिनकुशल सूरि दादाबाड़ी तीर्थ में सोमवार को भवों की यात्रा - वीर की गाथा नृत्य नाटिका का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत भक्तिमय वातावरण में मंगलाचरण के साथ की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को अध्यात्म की लहर से सराबोर कर दिया।

आयोजन की मुख्य विशेषता भगवान महावीर स्वामी के विभिन्न पूर्व जन्मों (भवों) का सजीव चित्रण रहा। श्री दिगम्बर जैन महिला मंडल की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान (साड़ी) पहनकर अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। साथ ही, नाटक के दौरान पात्रों ने पूर्व जन्म के भवों से संबंधित विशेष वेशभूषा धारण कर भगवान महावीर के जीवन दर्शन को जीवंत कर दिया। नाटक और नृत्य के इस अद्भुत संगम ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

कार्यक्रम की निर्देशक श्रीमती आस्था जैन के कुशल मार्गदर्शन में 50 महिलाओं ने मंच पर यह प्रभावी संदेश दिया कि कैसे एक आत्मा विभिन्न संघर्षों से गुजरते हुए तप और साधना के बल पर तीर्थंकर पद को प्राप्त करती है।


अन्य पोस्ट