कारोबार
रायपुर, 28 मार्च। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ ने देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को पत्र प्रेषित कर मार्च क्लोजिंग के दौरान बैंक अवकाशों को लेकर चिंता व्यक्त की है तथा 31 मार्च 2026 तक (रविवार छोडक़र) सभी बैंकों को खुले रखने का आग्रह किया है।
कैट के प्रदेश अध्यक्ष परमानन्द जैन ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में 26 मार्च को बैंक अवकाश रहा, 28 एवं 29 मार्च को भी अवकाश निर्धारित है, वहीं 31 मार्च को महावीर जयंती एवं वर्षांत के कारण बैंक बंद रहने से व्यापारियों को सीमित समय में अपने आवश्यक वित्तीय कार्य पूर्ण करने में कठिनाई हो सकती है। संगठन ने कहा कि मार्च माह व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें भुगतान, खातों का मिलान, समायोजन एवं कर संबंधी लेन-देन जैसे आवश्यक कार्य पूरे किए जाते हैं। लगातार बैंक अवकाशों के कारण व्यापारिक गतिविधियों पर प्रभाव पड़ रहा है।
श्री जैन ने बताया कि कैट ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि मार्च क्लोजिंग को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च 2026 तक सभी बैंक शाखाओं को सामान्य कार्य हेतु खुले रखने के निर्देश दिए जाएं तथा आवश्यकतानुसार अवकाशों का पुनर्निर्धारण किया जाए। साथ ही, सभी बैंकों को निर्देशित करने का भी आग्रह किया गया है कि वे व्यापारियों एवं आम नागरिकों के आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। कैट छत्तीसगढ़ ने विश्वास जताया है कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी।


