कारोबार

व्यापारियों को तकनीकी और कानूनी अड़चनों से चेंबर दिलाएगा राहत, सलाहकार नियुक्त-थौरानी
27-Mar-2026 3:14 PM
व्यापारियों को तकनीकी और कानूनी अड़चनों से चेंबर दिलाएगा राहत, सलाहकार नियुक्त-थौरानी

रायपुर, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि उन्होंने व्यापारिक हितों के संरक्षण और व्यापारियों को तकनीकी व कानूनी अड़चनों से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। चेम्बर द्वारा प्रदेश भर के विषय विशेषज्ञों को विभिन्न विभागों के लिए सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

श्री थौरानी ने बताया कि यह विशेषज्ञ टीम व्यापारियों को जीएसटी, आयकर, बैंकिंग और श्रम कानून जैसे जटिल विषयों पर आ रही परेशानियों का निराकरण करने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने के लिए सीधे संपर्क में रहेगी। जीएसटी एवं अप्रत्यक्ष कर  विभाग में चेतन तारवानी, दयाल राजपाल, रवि ग्वालानी, योगेश वल्र्यानी, भावेश मित्तल, जितेन्द्र खनूजा, नितिन गोयल और रश्मि वर्मा सहित 23 अनुभवी विशेषज्ञों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्री थौरानी ने बताया कि ये विशेषज्ञ रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, भिलाई और अन्य शहरों के व्यापारियों को जीएसटी संबंधी कानूनी पेचीदगियों पर सलाह देंगे। आयकर एवं मुकदमेबाजी   से संबंधित व्यापारियों को आयकर से संबंधित नोटिस और अन्य विधिक कार्यों में सहयोग के लिए हार्दिक पाटनी, मुकुल चोरडिय़ा, डिंपल वल्र्यानी और रितेश जायसवाल सहित 9 विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है।

श्री थौरानी ने बताया कि एमएसएमई सब्सिडी, बैंकिंग एवं वित्त  जैसे विषय पर छोटे और मध्यम उद्योगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और बैंकिंग संबंधी सहायता के लिए अरिहंत जैन, दाहवाल शाह और विक्रम देवनानी सहित 9 सलाहकार नियुक्त किए गए हैं। साथ ही श्रम कानून और रेरा से संबंधित विषयों के लिए हिमांशु लालवानी और सी.ए. टुटेजा जी को विशेषज्ञ नियुक्त किया गया है।

श्री थौरानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ का व्यापारी वर्ग हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। अक्सर जीएसटी, आयकर और बैंकिंग जैसे जटिल तकनीकी विषयों के कारण व्यापारियों को अनावश्यक मानसिक और आर्थिक दबाव झेलना पड़ता है। हमारा लक्ष्य केवल व्यापार करना नहीं, बल्कि व्यापार सुगमता को धरातल पर उतारना है।

 


अन्य पोस्ट