कारोबार

एचएनएलयू टीम हांगकांग में विलेम सी. विस ईस्ट अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक मध्यस्थता मूट में उपविजेता
26-Mar-2026 2:24 PM
एचएनएलयू टीम हांगकांग में विलेम सी. विस ईस्ट अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक मध्यस्थता मूट में उपविजेता

रायपुर, 26 मार्च।  हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एच. एन. एल. यू.) बताया कि यह घोषणा करते हुए अत्यंत गर्व हो रहा है कि उसके स्टूडेंट टीम ने हांगकांग में आयोजित प्रतिष्ठित 23वेंविलेम सी. विस ईस्ट इंटरनेशनल कमर्शियल आर्बिट्रेशन मूट में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। विश्व भर के अग्रणी विधि संस्थानों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए, एच. एन. एल. यू. की टीम ने प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के मूटिंग इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है तथा अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता के क्षेत्र में उसकी बढ़ती प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करती है।

एचएनएलयू ने बताया कि टीम के सदस्य निम्नलिखित थे-सौम्या जैन (तृतीय वर्ष), गौरव अग्रवाल (द्वितीय वर्ष), श्रियुथ सिंह (तृतीय वर्ष), शौर्य झा (द्वितीय वर्ष), विधि चौधरी (तृतीय वर्ष), आदित्य महारवाल (द्वितीय वर्ष)। टीम की समग्र सफलता के अतिरिक्त, एच. एन. एल. यू. को क्लेमेन्ट मेमोरेंडम के लिए ऑनरेबल मेंशन भी प्राप्त हुआ, जो टीम के सुदृढ़ शोध, उत्कृष्ट ड्राफ्टिंग तथा प्रभावशाली विधिक तर्क प्रस्तुत करने की क्षमता को दर्शाता है।

एचएनएलयू ने बताया कि इसके अतिरिक्त, सौम्या जैन को सर्वश्रेष्ठ वक्ता के लिए ऑनरेबल मेंशन से सम्मानित किया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी उत्कृष्ट वकालत और अदालती प्रस्तुति कौशल की पहचान है। विस ईस्ट मूट के 23वें संस्करण का केंद्र एक जटिल अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवाद था, जो वनीला ऑर्चर्ड निर्यात से संबंधित था। इसने प्रतिभागियों को संविदा विधि, अंतरराष्ट्रीय वस्तु-विक्रय तथा यूनाइटेड नेशंस कमीशन ऑन इंटरनेशनल ट्रेड लॉ के ढांचे और सिंगापुर इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन सेंटर के मध्यस्थता नियमों के अंतर्गत मध्यस्थता के सिद्धांतों से जुड़े जटिल प्रश्नों पर विचार करने का अवसर प्रदान किया।


अन्य पोस्ट