कारोबार
ट्रांसपोर्ट संघों के साथ चेम्बर की महत्वपूर्ण बैठक
रायपुर, 16 मार्च। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि तेलीघानी नाका एवं फाफाडीह चैक जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध से उपजी समस्याओं को लेकर चेम्बर और ट्रांसपोर्ट एसोसियेशन प्रतिनिधि मंडल की बैठक संपन्न हुई।
श्री थौरानी ने बताया कि इस बैठक में राजधानी गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ परचून ट्रांसपोर्ट संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित 200 से अधिक ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे। ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों ने साझा रूप से अपनी परेशानियां बताईं-जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान, कूलर, ए.सी. और अन्य जरूरी उत्पादों की डिलीवरी समय पर नहीं हो पा रही है। गोदामों तक माल नहीं पहुँचने के कारण व्यापारियों को भारी वित्तीय हानि हो रही है।
श्री थौरानी ने बताया कि रायपुर एक होलसेल मंडी है जहाँ से पूरे प्रदेश में माल जाता है। प्रतिबंध के कारण 90 प्रतिशत माल की आवाजाही रुक गई है, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए प्रशासन द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है। व्यापारिक गतिविधियों का इस तरह बाधित होना न्यायसंगत प्रतीत नहीं होता। गर्मी के सीजन में कूलर और ए.सी.एवं दैनिक उपभोग की वस्तुओं, उत्पादों की मांग चरम पर होती है, ऐसे में वाहनों पर प्रतिबंध से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
श्री थौरानी ने बताया कि चेम्बर जल्द ही इस विषय को प्रशासन और पुलिस के समक्ष मजबूती से रखेगा साथ ही आश्वासन दिया कि व्यापारी प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच तत्काल एक बैठक आयोजित की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। ट्रांसपोर्टरों के लिए शहर के बाहर व्यवस्थित जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखेंगे ताकि शहर को ट्रैफिक से निजात मिले और व्यापारियों का काम भी सुचारू रूप से चल सके।