कारोबार
धमतरी इकाई में सदस्यता अभियान को भारी समर्थन
रायपुर, 1 मार्च। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के कुशल नेतृत्व में संगठन का विस्तार नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में चेम्बर का प्रतिनिधिमंडल सदस्यता अभियान के तहत धमतरी पहुँचा।
चेंबर ने बताया कि धमतरी आगमन पर इकाई अध्यक्ष कैलाश कुकरेजा एवं पदाधिकारियों द्वारा प्रतिनिधिमंडल का भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान धमतरी के व्यापारियों में भारी उत्साह देखा गया। चेम्बर इकाईयों का गठन जहाँ भी हो रहा है, नए सदस्य निरंतर जुड़ते जा रहे हैं, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि प्रदेश के व्यापारियों का प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी के नेतृत्व पर गहरा और अटूट विश्वास है।
चेंबर ने बताया कि सदस्यता अभियान की सफलता को रेखांकित करते हुए धमतरी जिला उपाध्यक्ष- दिनेश (राजा) रोहरा ने नए बनाए गए सदस्यों की विस्तृत सूची प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिय़ा को सौंपी। श्री थौरानी के नेतृत्व में संगठन लगातार अपनी जड़ें मजबूत कर रहा है और व्यापारी वर्ग एक मजबूत मंच के रूप में चेम्बर के साथ खड़ा है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिय़ा ने बताया कि धमतरी इकाई द्वारा चलाया गया सदस्यता अभियान अत्यंत सराहनीय है। कैलाश कुकरेजा जी और उनकी टीम ने जिस सक्रियता से नए सदस्यों को जोड़ा है, वह धमतरी के व्यापारियों की एकजुटता को दर्शाता है।


