कारोबार

जीतो ने जॉब्स पोर्टल के माध्यम से दस हजार युवाओं का भविष्य संवारने का लिया संकल्प
27-Feb-2026 3:13 PM
जीतो ने जॉब्स पोर्टल के माध्यम से दस हजार युवाओं का भविष्य संवारने का लिया संकल्प

रायपुर, 27 फरवरी। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख प्रोजेक्ट ‘जीतो जॉब्स’ ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ (एमपीसीजी) क्षेत्र में युवाओं को रोजगार से जोडऩे के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है।

जीतो रायपुर प्रकरण के अध्यक्ष  तिलोकचंद बरडिय़ा ने एमपीसीजी क्षेत्र की हालिया उच्च-स्तरीय ऑनलाइन बैठक के बाद यह जानकारी दी कि अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक से सुसज्जित यह पोर्टल अब प्रदेश के युवाओं के लिए करियर के नए द्वार खोलेगा। इस बैठक का आयोजन जीतो जॉब्स मंच को और अधिक प्रभावी बनाने तथा एमपीसीजी क्षेत्र में इसके विस्तार की रणनीति तय करने के उद्देश्य से किया गया था। बैठक में राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित कुल 18 सदस्यों ने भाग लिया।

श्री बरडिय़ा ने बताया कि इस राष्ट्रीय पहल को सफल बनाने के लिए जीतो की एक सशक्त नेतृत्व टीम कार्य कर रही है-विनोद जैन अध्यक्ष, जीतो जॉब्स (कार्यकारी समिति प्रमुख), कमलेश सोजतिया उपाध्यक्ष, अजीत भंडारी मुख्य सचिव एवं मुख्य परिचालन अधिकारी, शरद पनोट: सचिव, जीतो जॉब्स, प्रदीप नागोरी: कोषाध्यक्ष तकनीकी सुगमता के लिए मोहनीश लसाडिय़ा और जया की पोर्टल प्रशिक्षण टीम उम्मीदवारों और नियोक्ताओं को मंच के उपयोग हेतु विशेष प्रशिक्षण और सहायता प्रदान कर रही है।

श्री बरडिय़ा ने बताया कि पोर्टल को अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता से सुसज्जित किया गया है, जो उम्मीदवारों की योग्यता के आधार पर सटीक नौकरी खोजने में सहायता करता है। हमारा लक्ष्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाना है। चाहे वह बीजापुर की महिला हो जिसे 70,000 रुपये मासिक वेतन की नौकरी मिली हो या शारीरिक चुनौतियों से जूझ रहा कोई युवा — जीतो जॉब्स सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित कर रहा है।


अन्य पोस्ट