कारोबार
संकल्प से सिद्धि की ओर बड़ा कदम साबित-थौरानी
रायपुर, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की 3 करोड़ जनता, विशेषकर उद्योग एवं व्यापार जगत की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया है।
श्री थौरानी ने बताया कि 1.72 लाख करोड़ का यह दूरदर्शी एवं संतुलित बजट संकल्प की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सशक्त रोडमैप प्रस्तुत करता है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत बजट का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है।
श्री थौरानी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चैधरी का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट सुशासन, पारदर्शिता, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक विकास के माध्यम से राज्य को आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर करेगा। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ को नई औद्योगिक ऊँचाइयों पर ले जाने का सामथ्र्य रखता है।
श्री थौरानी ने विशेष रूप से उद्योग एवं व्यापार से संबंधित प्रावधानों का स्वागत करते हुए बताया कि बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स को नया भवन प्रदान करने का निर्णय व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा। राज्य में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ का प्रावधान औद्योगिक निवेश, उत्पादन क्षमता एवं व्यापक रोजगार सृजन को गति देगा।
उन्होंने बताया कि व्यापार और उद्योग को नई ऊर्जा देते हुए बजट में व्यापारिक अधोसंरचना और औद्योगिक विकास के लिए किए गए विशेष प्रावधानों से प्रदेश में निवेश का वातावरण निर्मित होगा।


