कारोबार
तकनीक, एआई और डिजिटल नवाचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन
एक मंच पर 250 ब्रांड
रायपुर, 23 फरवरी। देश के बड़े व्यापारी संगठन कैट ने बताया कि कैट नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 अपने तीसरे दिन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल नवाचारों के प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ और अधिक भव्यता एवं दूरदृष्टि के साथ आगे बढ़ता नजर आया। यह आयोजन रायपुर को भविष्य के तकनीक-आधारित राष्ट्रीय व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करता दिख रहा है।
कैट ने बताया कि किरण सिंह देव, केदार नाथ गुप्ता, संजय श्रीवास्तव एवं अमरजीत सिंह छाबड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने एक्सपो परिसर का भ्रमण कर देशभर से आए व्यापारियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप्स, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों एवं युवा उद्यमियों से संवाद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ करते हुए किरण सिंह देव ने कैट टीम को बधाई देते हुए बताया कि लगभग 250 ब्रांड्स को एक मंच पर एकत्रित करना अपने-आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह आयोजन प्रधानमंत्री के लोकल फॉर वोकल विजऩ को सशक्त रूप से आगे बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारी न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनता है, बल्कि अपने साथ प्रत्यक्ष रूप से 10 लोगों को तथा डीलर-डिस्ट्रीब्यूटर की श्रृंखला के माध्यम से सैकड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है। आज के सोशल मीडिया युग में इस प्रकार के आयोजन प्रदेश के व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं और आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को मजबूती प्रदान करते हैं।


