कारोबार
रायपुर, 21 फरवरी। देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेंद्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, महामंत्री श्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेंद्र जग्गी, श्री राम मंधान, श्री वासु मखीजा, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी, श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि राजधानी रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आज देश के सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक आयोजनों में से एक कैट नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 का विधिवत, गरिमामयी एवं भव्य शुभारंभ संपन्न हुआ।
श्री पारवानी ने बताया कि देशभर से पधारे व्यापारियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति में यह आयोजन भारत की उभरती व्यापारिक शक्ति का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया। इस ऐतिहासिक एक्सपो का शुभारंभ कैट के संरक्षक समिति श्री परविंदर सिंह भाटिया, श्री रामजी पटेल तथा सलाहकार समिति सदस्य श्री मनमोहन अग्रवाल ,श्री भरत बजाज, विजय गोयल, कीर्ति व्यास जी एवं राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी एवं अतिथियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया।
श्री पारवानी ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मकता का वातावरण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। कैट नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश के व्यापारिक भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच है। यह आयोजन व्यापारियों, उद्योगों और नवाचारों को एक साझा मंच प्रदान कर आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
श्री पारवानी ने बताया कि एक्सपो परिसर को अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप में सजाया गया है। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रदर्शक लघु एवं मध्यम उद्योग, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमिता, हस्तशिल्प, एफएमसीजी, फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल एवं अन्य अनेक क्षेत्रों में अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन व्यापारिक नेटवर्किंग, नए व्यापारिक अवसरों और निवेश संभावनाओं का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरा है।


