कारोबार
नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 पोस्टर विमोचित, विष्णुदेव साय समापन में होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर, 20 फरवरी। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेंद्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, महामंत्री श्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेंद्र जग्गी, श्री राम मंधान, श्री वासु मखीजा, श्री भरत जैन, राकेश ओचवानी, श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि 20 से 24 फरवरी 2026 तक राजधानी रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित होने जा रहे कैट नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 को लेकर तैयारियाँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
श्री पारवानी ने बताया कि इसी क्रम में कैट के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस भव्य व्यापारिक आयोजन में सम्मिलित होने का औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया।
श्री पारवानी ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया तथा एक्सपो के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने की सहमति प्रदान की। उन्होंने इस राष्ट्रीय स्तर के व्यापारिक आयोजन हेतु कैट एवं समस्त आयोजक टीम को शुभकामनाएँ देते हुए इसके सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 जैसे आयोजन राज्य के व्यापार, उद्योग और रोजगार संवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। ऐसे मंच वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए स्थानीय उद्यमियों, लघु उद्योगों एवं व्यापारियों को नए बाजारों से जोडऩे का कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
श्री पारवानी ने बताया कि मुख्यमंत्री को एक्सपो की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य तथा इसके माध्यम से देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को मिलने वाले अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि यह एक्सपो व्यापार एवं उद्योग को नई दिशा देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मानचित्र पर एक सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


