कारोबार
आगामी कैट नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 राजधानी में
रायपुर, 15 फरवरी। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि राजधानी रायपुर में 20 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 को लेकर व्यापारिक जगत में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
श्री पारानी ने बताया कि व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन को अब छत्तीसगढ़ के विभिन्न प्रतिष्ठित व्यापारिक संगठनों का व्यापक और सशक्त समर्थन प्राप्त हो रहा है। एक्सपो की तैयारियों के क्रम में अब तक अनेक व्यापारिक संगठनों ने औपचारिक रूप से अपनी सहभागिता की घोषणा करते हुए स्टॉल बुकिंग प्रारंभ कर दी है। व्यापारिक संगठनों से जुड़े व्यापारी इस एक्सपो में अपने उत्पादों एवं सेवाओं के साथ सहभागिता कर रहे हैं।
श्री पारानी ने बताया कि फर्नीचर निर्माण, प्लाईवुड, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सोलर एवं आईटी सेक्टर की मज़बूत भागीदारी से एक्सपो की उपयोगिता और व्यावसायिक संभावनाएँ और अधिक विस्तृत हो गई हैं। व्यापारिक संगठनों की बढ़ती सहभागिता के चलते डोम एवं स्टॉल बुकिंग में निरंतर तेज़ी देखी जा रही है। बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित होने वाले इस एक्सपो में चार भव्य डोम, आकर्षक ओपन स्टॉल्स, विशेष ऑटोमोबाइल ज़ोन, महिला उद्यमियों हेतु पिंक पवेलियन, विविध व्यंजनों से सुसज्जित फूड ज़ोन तथा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे।


