कारोबार

मेक इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 फीसदी निर्यात और व्यापार के लिए है ऐतिहासिक-बरडिय़ा
04-Feb-2026 3:20 PM
मेक इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 फीसदी निर्यात और व्यापार के लिए है ऐतिहासिक-बरडिय़ा

रायपुर, 4 फरवरी। भारत सरकार द्वारा मेक इन इंडिया के अंतर्गत निर्मित उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने की घोषणा को भारतीय उद्योग, निर्यात और व्यापार क्षेत्र के लिए अत्यंत सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताते हुए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री निकेश बरडिय़ा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

श्री बरडिय़ा ने बताया कि इस निर्णय से भारतीय उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे, जिससे निर्यात को गति मिलेगी और देश में विनिर्माण गतिविधियों को नया प्रोत्साहन प्राप्त होगा। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ जैसे औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रदेश को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जहां से स्टील, पावर, कृषि आधारित उत्पाद, जेम्स-ज्वेलरी एवं अन्य मेक इन इंडिया उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा।

श्री बरडिय़ा ने बताया कि  टैरिफ में कमी से व्यापारियों और उद्योगपतियों की लागत घटेगी, विदेशी बाजारों में भारतीय वस्तुओं की मांग बढ़ेगी तथा स्थानीय इकाइयों को उत्पादन विस्तार का अवसर मिलेगा। इससे रोजगार सृजन के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। केंद्र सरकार के इस निर्णय से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया विजऩ को नई ऊर्जा मिलेगी, और देश का व्यापारिक वर्ग इसे पूर्ण समर्थन देता है।

श्री बरडिय़ा ने  छत्तीसगढ़ के समस्त व्यापारियों एवं उद्योग जगत की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में ऐसे और सुधारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे भारत वैश्विक व्यापार में और सशक्त भूमिका निभा सके।


अन्य पोस्ट