कारोबार
मुख्यमंत्री साय और वित्त मंत्री चौधरी का जताया आभार
रायपुर, 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार ने आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए रायपुर व कोरबा के ग्रामीण क्षेत्र की गाइडलाइन दरों बड़ी राहत दी है और शहरी क्षेत्र में भी असामान्य वृद्धि में सुधार किया है। छत्तीसगढ़ सरकार की इस संवेदनशील निर्णय का स्वागत करते हुए क्रेडाई छत्तीसगढ़ ने राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी के प्रति हृदय से आभार जताया है।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री पंकज लाहोटी एवं सेक्रेटरी व प्रेसिडेंट इलेक्ट श्री अभिषेक बछावत का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गाइडलाइन दरों में राहत से रियल एस्टेट सेक्टर में बूम आएगी क्योंकि ज्यादातर अब ज्यादातर रियल एस्टेट प्रोजेक्ट शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में ही आ रहे हैं। वहीं सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शहरी क्षेत्र में भी असामान्य वृद्धि में सुधार किया है।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ का कहना है कि जानकारी मिली है कि छत्तीसगढ़ गाइडलाइन दरों का निर्धारण नियम 2000 के प्रावधानों के तहत बोर्ड की बैठक में अनुमोदित पुनरीक्षित गाइडलाइन दरें 30 जनवरी 2026 से प्रभावशील हो गई है। इसके तहत् ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की गाइडलाइन दरों में बड़े पैमाने सुधार करते हुए जमीन की गाइडलाइन दरें घटाई गई हैं। वहीं, शहरी इलाकों में जिन स्थानों पर गाइडलाइन की दरों में असामान्य बढ़ोतरी हुई थी, उसमें भी सुधार किया गया है।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ के सुझाव को माना, दिया धन्यवाद
क्रेडाई छत्तीसगढ़ का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा बीते 20 नवंबर 2025 से जमीन की गाइडलाइन दरों में शहरी क्षेत्र में 20 से 40 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिशत तक वृद्धि की गई थी। इसे लेकर क्रेडाई छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात करके गाइडलाइन दरों में सुधार का आग्रह किया था। साथ ही ज्ञापन भी सौंपा गया था। सरकार ने आश्वासन दिया था कि जनता के हित में निर्णय लिया जाएगा। रियल एस्टेट सेक्टर जो कि आर्थिक विकास की एक धुरी है उसे घाटे में नहीं जाने दिया जाएगा। क्रेडाई अध्यक्ष श्री पंकज लाहोटी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वित्तमंत्री श्री ओ. पी. चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि गाइड लाइन दरों को घटाने और युक्तिसंगत किए जाने से निश्चित रूप से रियल एस्टेट सेक्टर तेज गति से विकास करेगा।
सरकार का जनहितैषी निर्णय
क्रेडाई छत्तीसगढ़ का कहना है कि छत्तीसगढ़ की श्री विष्णु देव सरकार ने गाइडलाइन दरों को घटाकर जनहितैषी निर्णय लिया है। शहरी क्षेत्र में भी जहां अत्यधिक वृद्धि हो गई थी, उसमें सुधार किया गया है जो कि युक्तिपरक है। वास्तविक बाजार मूल्य के अनुरूप दर किए जाने से बड़े प्रोजेक्ट आसानी से निर्मित होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को भी राहत मिलेगी। वे अपनी जमीन सरलता से बेच सकेंगे।


