कारोबार
रायपुर, 18 जनवरी। राजकुमार कॉलेज के उप प्राचार्य शिवेंद्र नाथ शाह देव ने बताया कि राजकुमार कॉलेज, रायपुर (छ.ग.) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। शूटिंग (अंडर-17 बालक वर्ग) में कक्षा 9वीं के छात्र कुंवर कार्तिक सिंह देव ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025 में स्वर्ण पदक जीता।
श्री देव ने बताया कि यह प्रतियोगिता 6 से 9 दिसंबर 2025 तक एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर में आयोजित हुई। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में 50 मीटर प्रोन पोजीशन (व्यक्तिगत) स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। यह प्रतियोगिता 11 से 31 दिसंबर 2025 तक राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल (म.प्र.) में आयोजित हुई।
श्री देव ने बताया कि वहीं, शतरंज (अंडर-14 बालिका वर्ग) में कक्षा 7 ‘ई’ की छात्रा हेतांशी मुदलियार ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025, जो 11 से 17 जनवरी 2026 तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रांची (झारखंड) में आयोजित हुई, में व्यक्तिगत कांस्य पदक प्राप्त किया। विद्यालय के प्राचार्य कर्नल अविनाश सिंह, उप प्राचार्य शिवेंद्र नाथ शाह देव, शिक्षकगण एवं
विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।


