कारोबार

प्रदेश भर में फिल्म चार साहिबजादे नि:शुल्क प्रदर्शन का छत्तीसगढ़ सिख समाज का आग्रह
29-Dec-2025 3:31 PM
प्रदेश भर में फिल्म चार साहिबजादे नि:शुल्क प्रदर्शन का छत्तीसगढ़ सिख समाज का आग्रह

रायपुर, 29 दिसंबर। छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिख समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक में देश-प्रेम, धर्म-रक्षा और राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को जन-जन तक पहुँचाने हेतु राज्य सरकार से एक सराहनीय पहल करने की माँग की गई है।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि समाज ने आग्रह किया है कि प्रदेश के सभी सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स एवं पीवीआर में एक दिन के लिए चार साहिबज़ादे फिल्म सहित उन पर आधारित एल्बम एवं लघु फिल्मों का निशुल्क प्रदर्शन कराया जाए। सिख समाज का मानना है कि इस प्रकार के नि:शुल्क प्रदर्शन से लोग ध्यानमग्न होकर एकाग्र मन से धर्म एवं देश की रक्षा के लिए दिए गए अद्वितीय बलिदान को समझ सकेंगे और उसे आत्मसात कर पाएँगे।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को यह प्रेरणा मिलेगी कि कैसे श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी, माता गुजरी जी एवं चार साहिबज़ादे—बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी ने राष्ट्र, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि बैठक में यह भी अपील की गई कि अभिभावक अपने बच्चों के साथ यह फिल्म अवश्य देखें और घर जाकर उन्हें गुरुओं एवं साहिबज़ादों के बलिदान, त्याग और राष्ट्र-प्रेम की गाथा को सरल शब्दों में समझाएँ, ताकि आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति और धर्म-निष्ठा के संस्कार मजबूत हो सकें।


अन्य पोस्ट