कारोबार
गांधीनगर, 19 दिसंबर। कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ललित त्यागी ने बताया कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने एकमात्र अधिकृत लीड अरेंजर के रूप में कार्य करते हुए, गिफ़्ट सिटी में पंजीकृत ओएनजीसी ओवरसीज़ लिमिटेड (ओवीएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी ओवीएल ओवरसीज़ आईएफ़एससी लिमिटेड (ओओआईएल) को 500 मिलियन अमरीकी डॉलर की 5 वर्षीय विदेशी मुद्रा सावधि ऋण सुविधा की अंडरराइटिंग की है।
श्री त्यागी ने बताया कि सावधि ऋण सुविधा प्रदान करने के अवसर पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा, आईएफएससी बैंकिंग यूनिट, गिफ़्ट सिटी में बैंक ऑफ़ बड़ौदा और ओएनजीसी विदेश लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। 500 मिलियन अमरीकी डॉलर के ऋण की सफल मंजूरी से सिंडिकेटेड विदेशी मुद्रा ऋणों के क्षेत्र में बैंक ऑफ़ बड़ौदा की क्षमताओं का पता चलता है।
श्री त्यागी ने बताया कि यह ट्रांजेक्शन गिफ़्ट सिटी की बढ़ती विशेषज्ञता और भारतीय बैंकों की क्रॉस-बॉर्डर फायनांसिंग और ओएनजीसी जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के वैश्विक परिचालन में सहयोग करने की क्षमता को दर्शाता है। हम कॉर्पोरेट वित्त समाधानों की पूरी शृंखला की पेशकश करते हुए ओएनजीसी समूह के साथ अपने दीर्घकालिक संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अनुपम अग्रवाल, निदेशक (वित्त), ओएनजीसी ने बताया कि वैश्विक स्तर पर परिचालन वाली एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय इकाई के रूप में ओएनजीसी विदेश; गिफ़्ट सिटी को अपने व्यवसाय वृद्धि की नीति के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में देखती है।