कारोबार

रेडियोलॉजी और इमेजिंग विज्ञान में ज्ञान, नवाचार और सहयोग को नई दिशा दी आईरा सीजीकॉन ने
16-Dec-2025 2:40 PM
रेडियोलॉजी और इमेजिंग विज्ञान में ज्ञान, नवाचार और सहयोग को नई दिशा दी आईरा सीजीकॉन ने

स्वास्थ्य मंत्री और देशभर के रेडियोलॉजिस्टों ने छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को सराहा

रायपुर, 16 दिसम्बर।  इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईरा) के छत्तीसगढ़ चैप्टर एवं पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय रेडियोलॉजी सम्मेलन आईरा सीजीकॉन 2025 का भव्य समापन, रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग विज्ञान के क्षेत्र में ज्ञान, नवाचार और सहयोग की नई दिशा निर्धारित करने के संकल्प के साथ हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किया गया था। सम्मेलन का सफल आयोजन डॉ. आनंद जायसवाल एवं डॉ. विकास भोजासिया के नेतृत्व में किया गया।

 

डॉ. जायसवाल और डॉ. भोजासिया ने बताया कि इस दो दिवसीय वैज्ञानिक आयोजन में लगभग 200 रेडियोलॉजिस्टों ने भाग लिया। वहीं दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु एवं नागपुर जैसे प्रमुख शहरों से आए राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव एवं नवीनतम तकनीकी जानकारियाँ साझा कीं। सम्मेलन के प्रथम दिवस में सिर एवं गर्दन के कैंसर के उन्नत एवं सटीक निदान, थोरैक्स सोनोग्राफी तथा कई जटिल एवं रोचक केस स्टडीज़ पर विस्तृत वैज्ञानिक चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसे मंचों के माध्यम से रेडियोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम शोध एवं तकनीकों का लाभ सीधे प्रदेश के मरीजों तक पहुँचता है।

डॉ. जायसवाल और डॉ. भोजासिया ने बताया कि  सम्मेलन के द्वितीय दिवस को अल्ट्रासोनोग्राफी में फिटल कार्डियोलॉजी एवं न्यूरोमेडिसिन विषय पर विशेष लाइव वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें गर्भस्थ शिशु की समस्याओं की शीघ्र पहचान पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रथम एवं द्वितीय तिमाही में उन्नत अल्ट्रासाउंड एवं सॉफ्ट मार्कर स्क्रीनिंग के माध्यम से आनुवंशिक, संरचनात्मक एवं विकास संबंधी विकारों की समय रहते पहचान संभव है, जिससे समय पर उचित परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट