कारोबार

रायपुर, 17 दिसंबर। ज्ञान गंगा एजुकेशन एकेडेमी ने बताया कि चरित्र निर्माण में खेलों की हमेशा महती भूमिका रहती है। खेलों से ही टीम भावना विकसित होती है जो जीवन संघर्ष में सफलता की राह परिलक्षित करती है। विद्यालय हमेशा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिये सतत प्रयासरत रहता है। हर क्षेत्र में छात्र उच्च मानदंड में खरे उतरे यही विद्यालय का ध्येय है। शारीरिक तथा मानसिक सुदृढता भी खेलों से ही आती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर विद्यालय के खेल प्रांगण में 16 दिसंबर से 21 दिसंबर तक ‘‘समत्व‘‘ इस नाम से खेलों का भव्य शुभारंभ किया गया।
एकेडेमी ने बताया कि इस खेल उत्सव का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिमा राजगोर जी के करकमलों द्वारा किया गया। सर्वप्रथम विद्यालयीन एनसीसी के छात्रों ने बैण्ड की मधुर ध्वनि के साथ लय-ताल मिलाते मार्च पास्ट परेड के द्वारा मैडम को सलामी दी गई। तत्पश्चात् मशाल प्रज्वलन कर मैडम ने छात्रों को मशाल दौड़ के लिये मशाल दी। इस मशाल को विद्यालय के उत्कृष्ट राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी कुमारी शिवानी सिंह, राष्ट्रीय स्तरीय फुटबाल खिलाड़ी प्रियांशु उइके, राष्ट्रीय स्तरीय बास्केटबाल खिलाड़ी शिवम वर्मा और मनीषा बास्के ने मशाल दौड़ को पूरा किया। आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर औपचारिक रूप से इस महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
एकेडेमी ने बताया कि 5 दिन तक चलने वाले इस माहोत्सव में विभिन्न वर्गो के लिये अलग-अलग खेल रखे गये हैं। जिसमें 100 मी., 200 मी., 400 मी., 1600 मी. की दौड, डिस्कस थ्रो, बाधा दौड़ आदि खेलों का आयोजन किया जायेगा। टीम खेल जैसे फुटबाल, क्रिकेट, हॉकी, बास्केटबाल, बैडमिंटन, वॉलीवाल आदि खेलों का आयोजन भी इस दौरान होगा। इन खेलों का आयोजन विभिन्न वर्गों में किया जायेगा।
एकेडेमी ने बताया कि कक्षा पी. पी. - 1 से कक्षा - 2 तक तथा कक्षा - 3 से कक्षा 5 तक के छात्रों हेतु पृथक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के छात्रों की प्रतियोगिता कक्षावार रहेगी तथा कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के छात्रों की प्रतियोगिताओं को 4 सदनों में विभक्त किया गया है।