कारोबार

रायपुर, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पर्वतारोही राहुल गुप्ता ने बताया कि वे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट फतह कर चुके हैं। अब एक और इतिहास उन्होंने रच दिया है। स्वतंत्रता दिवस के दिन ऑस्ट्रेलिया के सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजि़अस्को में तिरंगा फहराया है। राहुल गुप्ता ने माउंट कोजि़अस्को की चोटी से छत्तीसगढ़ की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
उन्होंने अपने वीडियो संदेश में बताया कि माउंट कोजि़अस्को की टॉप पर आज छत्तीसगढ़, छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा। यह अभियान दिल्ली के मिशन पॉसिबल द्वारा आयोजित अभियान का हिस्सा है। इस अभियान में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा और उत्तरप्रदेश के कुल 11 पर्वतारोही शामिल थे। अभियान का नेतृत्व हरियाणा के नरेंद्र यादव ने किया। पर्वतारोहण की शुरुआत भारतीय समयानुसार 14 अगस्त की रात 2 बजे लास्ट कैम्प से की और सुबह साढ़े 9 बजे के करीब चोटी पर सफलता प्राप्त की। इस दौरान तापमान लगभग -4 से -5 डिग्री सेल्सियस के बीच था।